खरसावां: ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत शनिवार को प्रखंड मुख्यालय में बकरा- बकरी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 10 चयनित लाभुकों के बीच बकरा- बकरी का वितरण किया गया. प्रत्येक लाभुक को आठ बकरियां और दो बकरे उपलब्ध कराए गए.


कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सामाड, अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. बकरा-बकरी का वितरण वैष्णवी एंटरप्राइज, रांची द्वारा किया गया.
प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने कहा कि राज्य सरकार की यह कल्याणकारी योजना किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि सरकार अनुदान पर पशुधन उपलब्ध कराकर लोगों को स्वरोजगार से जोड़ रही है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी.
बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सामाड ने कहा कि बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में आय का बेहतर साधन है. इससे किसान कम लागत में अच्छा मुनाफा अर्जित कर आर्थिक रूप से समृद्ध बन सकते हैं.
अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू ने लाभुकों से योजना का पूरा लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की आजीविका को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति बेहतर होने से परिवार अपनी बेटियों की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बना सकेंगे.
पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण पशुपालकों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है. इससे पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनने और अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिल रहा है. कार्यक्रम में लाभुकों ने सरकार और विभाग के प्रति आभार जताया तथा योजना का सदुपयोग कर बकरी पालन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.



