चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत सोनापोस के कैबर्त टोला में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना को लेकर शनिवार से 16 प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ. धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला.


संकीर्तन शुरू होने से पूर्व सोनुआ के मधुपुर स्थित संजय नदी से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं ने नदी से 201 कलशों में पवित्र जल भरा. इसके बाद गाजे-बाजे, हरिनाम संकीर्तन और जयकारों के बीच कलश यात्रा मंदिर परिसर पहुंची. वहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ किया गया.
आयोजकों के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान 8 जून तक लगातार जारी रहेगा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हो रहे हैं. श्रद्धालु भजन-कीर्तन और महामंत्र जाप में भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं.
संकीर्तन को भव्य बनाने के लिए झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से सात प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है. इनमें पुरुलिया, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के ख्यातिप्राप्त कीर्तन कलाकार शामिल हैं. सभी मंडलियां अपने सुमधुर भजनों और संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रही हैं.
कार्यक्रम को सफल बनाने में कैबर्त टोला एवं सोनापोस के ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ उमड़ रही है और पूरा क्षेत्र हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय बना हुआ है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



