चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में संचालित मिशन उदय अभियान के तहत शनिवार को सिंहभूम सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने सोनुआ प्रखंड की आसनतलिया पंचायत स्थित दिगीलोटा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान मिशन के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता कार्यक्रमों और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा की गई.


निरीक्षण के दौरान सांसद और उपायुक्त ने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि मिशन उदय का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है.
इस अवसर पर आंगनवाड़ी सेविका और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) ने बताया कि घर-घर सर्वेक्षण और भ्रमण के माध्यम से मलेरिया, एनीमिया सहित अन्य बीमारियों से प्रभावित लोगों की पहचान की जा रही है. ऐसे मरीजों को मिशन उदय के तहत उपलब्ध निःशुल्क दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है. साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श और जागरूकता भी प्रदान की जा रही है.
उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मिशन उदय के प्रभावी संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी आवश्यक है.
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



