सरायकेला- खरसावां: जिले के गम्हरिया प्रखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में दो बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, गम्हरिया ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त को पत्र भेजकर दोनों कर्मियों पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.


जारी पत्र के अनुसार यूपीएचसी सापड़ा में कार्यरत स्वास्थ्य सहिया रीता देवी को मतदान केंद्र संख्या-166 का बीएलओ बनाया गया था. आरोप है कि उन्होंने अपने मतदान केंद्र से संबंधित कार्यों का निर्वहन नहीं किया. कार्यालय द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद उन्होंने बीएलओ का कार्य शुरू नहीं किया. बताया गया है कि मतदान केंद्र संख्या-166 में उनकी जगह दूसरे बीएलओ को प्रतिनियुक्त करना पड़ा, जिसके बाद उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
वहीं दूसरे मामले में उत्क्रमित मध्य विद्यालय उतमडीह की शिक्षिका रेणुका महतो के खिलाफ भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. उन्हें मतदान केंद्र संख्या-164 का बीएलओ नियुक्त किया गया था. पत्र के अनुसार 14 मई 2026 को आदेश जारी होने के बाद भी उन्होंने बीएलओ का कार्य प्रारंभ नहीं किया. बाद में 3 जून 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी, सरायकेला के माध्यम से उन्हें पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया, लेकिन 6 जून 2026 तक उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला और न ही निर्वाचन संबंधी कार्य शुरू किया.
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने दोनों मामलों को निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों से विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है.
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के बीच निर्वाचन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई को गंभीर माना जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.



