सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर एमपी टावर के समीप एक दुकान में चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है.


जानकारी के अनुसार 7LF निवासी राजेश कुमार सिंह की चाय, बिस्कुट, फल, जूस एवं अन्य खाद्य सामग्री की दुकान को दो अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया. आरोप है कि चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया और सामान चोरी करने की कोशिश की.
हालांकि सामने स्थित एमपी नगीना अपार्टमेंट और एक मॉल में लगे CCTV कैमरों में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गईं. अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की नजर जब चोरों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
दुकान संचालक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान चोरी का शिकार हो चुकी है. उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आदित्यपुर दौरे के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई थी, तब उन्होंने अपनी दुकान प्रभात पार्क के समीप स्थापित की थी. उसी दौरान चोर जूस मशीन, गैस चूल्हा, फावड़ा, कुदाल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है.
फिलहाल इस मामले में थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हालांकि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान किए जाने की संभावना जताई जा रही है.



