जामताड़ा: गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा और नई दिल्ली के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों के परिचालन से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 04048 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 28 मई 2026 को नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी. वहीं वापसी में 04047 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 30 मई 2026 को हावड़ा से रात 1:40 बजे खुलेगी तथा अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
इसी क्रम में दूसरी जोड़ी स्पेशल ट्रेन 04050 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 30 मई 2026 को नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी. वहीं 04049 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 1 जून 2026 को हावड़ा से रात 1:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
रेलवे के अनुसार, ये सभी स्पेशल ट्रेनें पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर एवं जसीडीह स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेंगी.
ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान श्रेणी एवं वातानुकूलित कोच की व्यवस्था की गई है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय एवं परिचालन की जानकारी रेलवे इन्क्वायरी से अवश्य प्राप्त कर लें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



