जमशेदपुर: शहर में गुरुवार को बकरीद का पर्व पूरे उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा है. पर्व के मौके पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विशेष नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी. सुबह से ही मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली. लोगों ने नए कपड़े पहनकर ईदगाह और मस्जिदों का रुख किया और पूरे धार्मिक उल्लास के साथ बकरीद की रस्में निभाईं.

शहर के साकची, मानगो, जुगसलाई, गोलमुरी, आजादनगर, बिष्टुपुर समेत कई इलाकों की मस्जिदों में नमाज को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे. नमाज के दौरान मस्जिद परिसर में अनुशासन और शांति का माहौल बना रहा. नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया.
मौलानाओं ने बकरीद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व कुर्बानी, त्याग, इंसानियत और आपसी प्रेम का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से समाज में शांति, सद्भाव और एकता बनाए रखने की अपील की. साथ ही जरूरतमंदों की मदद करने और इंसानियत की राह पर चलने का संदेश भी दिया गया.
बकरीद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कई स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही थी ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
पर्व के दौरान पूरे शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला. लोगों ने शांति और भाईचारे के साथ बकरीद मनाते हुए समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



