जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे 419 पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. बोदमा पोल फैक्ट्री के समीप तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार से जा रही बिहार नंबर की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी और चीख- पुकार मच गई.

जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त सफेद रंग की कार (BR01EQ4731) में कुल सात लोग सवार थे, जो मार्गोमुण्डा से कोलकाता की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि सुबह के समय बोदमा पोल फैक्ट्री के पास तीव्र मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क पर पलट गई. हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. कार में सवार सभी लोगों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



