जामताड़ा : थाना क्षेत्र के पाकडीह मोहल्ले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है. मृतक की पहचान संदीप मंडल के पुत्र राज मंडल के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार, राज मंडल बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे घर से खेलने के लिए निकला था. काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों की नजर तालाब में तैर रहे बच्चे पर पड़ी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल तालाब से बाहर निकाला गया तथा इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल एवं मृतक के घर पहुंच गये. शव घर पहुंचते ही पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया. हर किसी की आंखें नम थीं तथा परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे पाकडीह मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



