जमशेदपुर: भीषण गर्मी में जहां लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं सड़क किनारे रोज़ी-रोटी कमाने वाले रेहड़ी-पटरी दुकानदार तपती धूप में घंटों मेहनत करने को मजबूर हैं. ऐसे मेहनतकश लोगों को राहत पहुंचाने का सराहनीय काम रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने किया है.

क्लब द्वारा शुरू की गई विशेष सामाजिक पहल “छांव” के तहत जरूरतमंद रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के बीच बड़े बगीचे वाले छातों का वितरण किया गया. यह अभियान जमशेदपुर के मानगो, साकची, डिमना समेत विभिन्न इलाकों में चलाया गया.
इस दौरान ऐसे दुकानदारों को प्राथमिकता दी गई, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी दुकानों के लिए छाया की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे. क्लब के सदस्यों ने 25 से अधिक रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बड़े छाते उपलब्ध कराए, ताकि वे भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से बचते हुए बेहतर तरीके से अपना व्यवसाय जारी रख सकें.
क्लब सदस्यों ने कहा कि “छांव” केवल एक सामाजिक पहल नहीं, बल्कि उन मेहनतकश लोगों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है, जो हर मौसम में कठिन परिस्थितियों के बीच मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं.
इस पहल से न सिर्फ दुकानदारों को राहत मिली, बल्कि खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को भी धूप से बचाव का सहारा मिला. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया.



