कांड्रा: सरायकेला जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल सरायकेला की ओर से 18 मई 2026, सोमवार को कांड्रा में विशेष विद्युत उपभोक्ता सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर में उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा.

यह विशेष कैंप एसकेजी कॉलोनी सेवासदन कांड्रा स्थित विद्युत विपत्र भुगतान केंद्र में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक लगाया जाएगा.
शिविर को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के सेवाएं मिल सकें. शिविर में हुदू, डुमरा, दुग्धा, रायचा, कांड्रा और वीरवास पंचायत के एलटी उपभोक्ताओं को विशेष रूप से लाभ मिलेगा. कैंप के दौरान बिजली बिल में त्रुटि सुधार, खराब मीटर बदलना, मोबाइल नंबर अपडेट करना, बिजली भार बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य ऑन द स्पॉट किए जाएंगे.
बिजली विभाग का कहना है कि अक्सर उपभोक्ताओं को छोटी- छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है. ऐसे में इस विशेष कैंप के माध्यम से लोगों को एक ही जगह पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
सहायक विद्युत अभियंता सजय सवैया ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि कार्यों का निष्पादन तेजी से किया जा सके. स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के कैंप ग्रामीण और पंचायत क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए काफी राहतभरे साबित होते हैं, क्योंकि इससे समय और परेशानी दोनों की बचत होती है.



