खूंटी: जिले में पुलिस को अवैध अफीम और हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अफीम, पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि चिकोर- हेसाहातु मुख्य मार्ग से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक अवैध अफीम और हथियार लेकर गुजरने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया.
वाहन जांच के दौरान डोकाद गांव की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर तीन युवक सवार थे. पुलिस चेकिंग देखकर तीनों युवक बाइक छोड़कर भागने लगे. हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर तीनों को पकड़ लिया.
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 426 ग्राम अवैध अफीम, एक 9 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनिश लोहरा उर्फ हनी, योगेंद्र साहू उर्फ जोगी और राजेश कुमार महतो उर्फ कल्लू के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और कुछ आरोपी पहले भी गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. मामले को लेकर खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि जिले में अवैध नशा और हथियार कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा.



