
बोकारो: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. बुधवार को बोकारो- रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संवेदनशील क्षेत्र सिवनडीह के पास व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.


मॉक ड्रिल के माध्यम से किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया. अभ्यास के दौरान पुलिस और उपद्रवियों की भूमिका निभा रहे लोगों के बीच टकराव की स्थिति बनाई गई, जिसमें पुलिस ने वॉटर कैनन, आंसू गैस, रबर बुलेट और लाठीचार्ज का इस्तेमाल कर हालात को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया.
उपायुक्त अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि यह मॉक ड्रिल सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित की गई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने या कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा.
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है. जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






