जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत करनडीह स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (LBSM) कॉलेज में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया. यूजी सेमेस्टर-6 की फाइनल परीक्षा देकर बाहर निकल रही एक छात्रा करंट की चपेट में आ गई. छात्रा की पहचान गम्हरिया निवासी पूजा मंडल के रूप में हुई है. घटना के बाद उसे तत्काल खासमहल स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण कॉलेज परिसर और सभागार के आसपास जलजमाव हो गया था. परीक्षा समाप्त होने के बाद पूजा मंडल अपने साथियों के साथ परीक्षा हॉल से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान परिसर में जमा पानी में संभवतः बिजली प्रवाहित हो रही थी, जिसकी चपेट में आने से छात्रा को जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट का झटका इतना तेज था कि छात्रा के दांत तक जकड़ गए थे. घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह छात्रा का मुंह खुलवाया और प्राथमिक सहायता दी.
एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना साथी छात्रों ने पूजा मंडल को निजी वाहन से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद छात्रों में नाराजगी और आक्रोश देखा गया. सूचना मिलने पर कॉलेज के प्राचार्य भी अस्पताल पहुंचे और छात्रा की स्थिति की जानकारी ली. घटना के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और बारिश के दौरान विद्युत सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल मामले को लेकर जांच की जा रही है.



