गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर कई वाहनों को रौंद दिया, जिसमें अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की शुरुआत तब हुई जब तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए और ट्रक चालक को रोकने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान चालक ट्रक लेकर मौके से भागने लगा.
भागने के दौरान अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रक की टक्कर से बाइक, ऑटो और कार समेत कई छोटे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. सड़क किनारे मौजूद लोगों में अफरा- तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जबकि गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है.
हादसे के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा- तफरी का माहौल बना रहा. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में लगी रही और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इसरी बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.



