जामताड़ा: उपायुक्त आलोक कुमार ने गुरुवार को जामताड़ा सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, कर्मचारियों की कार्यशैली और जनसुविधाओं की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय आने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने उपस्थिति पंजी, रोकड़ पंजी, अग्रिम पंजी, अवकाश पंजी, लगान पंजी, परिमार्जन पंजी, विभिन्न प्रमाण पत्र निर्गमन पंजी, आगत-निर्गत पंजी तथा राजस्व न्यायालय पंजी सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने सभी पंजियों के समुचित संधारण और अद्यतन रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कर्मी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यशैली में सुधार लाना जरूरी है और आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए.
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालयों में प्रतिदिन दूरदराज के गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं. ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े और उनकी समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान हो. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे कार्यालय परिसर की साफ- सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने संचिकाओं एवं अभिलेखों के बेहतर रखरखाव तथा कार्यालय व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए.
इसके अलावा उपायुक्त ने प्रखंड सभागार में आयोजित जनगणना 2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया. उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसके आंकड़ों के आधार पर सरकार योजनाएं एवं नीतियां तैयार करती है. इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण लें और त्रुटिरहित जनगणना कार्य सुनिश्चित करें.
उन्होंने स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर भी लोगों में जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू, नगर पंचायत जामताड़ा की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
Report By Manish Baranwal

