सरायकेला: सीनी ओपी परिसर में बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के बैंक शाखा प्रबंधक, CSP संचालक, ज्वेलरी दुकानदार और मेडिकल शॉप संचालक शामिल हुए.

बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को मजबूत करना रहा. ओपी प्रभारी ने सभी को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिए.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी बैंक, CSP, ज्वेलरी दुकान और मेडिकल प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य है. कैमरों की स्थिति ऐसी होनी चाहिए कि प्रवेश और निकास दोनों स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हों और रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए.
ओपी प्रभारी ने कहा कि अपराध रोकथाम में पुलिस के साथ-साथ आम लोगों और व्यवसायियों की भी अहम भूमिका है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने पर जोर दिया गया. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिष्ठान सुरक्षा गार्ड रखें, अलार्म सिस्टम सक्रिय रखें और कैश लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें. बैंक और CSP संचालकों को नकदी प्रबंधन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया.
ज्वेलरी दुकानदारों को पर्याप्त रोशनी, मजबूत ताले और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए, जबकि मेडिकल दुकानदारों को रात के समय अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई.
ओपी प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी. बैठक में मौजूद सभी लोगों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया. यह बैठक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पुलिस की गंभीरता को दर्शाती है और अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.
Report By Pramod Singh

