सरायकेला: थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ाकाकड़ा स्थित उषा कॉलेज मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 45 वर्षीय भागीरथी महतो की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने भागीरथी महतो को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक बड़ाकाकड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर सड़क पर घूमता रहता था. इसी दौरान वह इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और विशेषकर रात के समय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
Report By Pramod Singh

