जमशेदपुर: शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो. ईमरान (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.

नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में गठित टीम ने जुगसलाई फाटक के पास छापेमारी कर उसे दबोचा. आरोपी जुगसलाई थाना कांड संख्या 21/2025 में वांछित था, जिसमें NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है. वह करीब 13 महीनों से फरार चल रहा था.
इस मामले में पुलिस पहले ही 143 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मुख्य आरोपी अब्दुल हामिद समेत कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, दो अन्य आरोपियों को अलग- अलग मामलों में गिरफ्तार कर इस कांड में रिमांड पर लिया गया था. अब तक कुल 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है. फरार चल रहे अंतिम आरोपी मो. ईमरान की गिरफ्तारी के साथ ही इस कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.
इधर, मानगो थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री का भंडाफोड़ किया है. जवाहर नगर रोड नंबर 15 से पुलिस ने शिबू कामिला को 18 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ युवक नशे का कारोबार कर रहे हैं. छापेमारी के दौरान शिबू कामिला को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि इस मामले में विशाल पांडे और शिवा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों को शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान का हिस्सा माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

