जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान बी ब्लॉक कुम्हारपाड़ा निवासी 40 वर्षीय रूपा देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात रूपा देवी ने अपने घर में ही फांसी लगा ली. परिजनों की नजर पड़ने पर उन्हें तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया.
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने लिखा है कि “मैं किसी को सुख नहीं दे सकी, इसलिए यह कदम उठा रही हूं, इसमें किसी का कोई दोष नहीं है.” प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला लंबे समय से मानसिक तनाव में थी. परिजनों के अनुसार, शादी के कई वर्षों बाद भी संतान नहीं होने के कारण वह परेशान रहती थी. उनकी शादी वर्ष 2003 में अजय वर्मा से हुई थी.
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि दो दिन बाद ही महिला के चचेरे भाई की शादी होने वाली थी, जिससे घर में पहले खुशी का माहौल था.
पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

