जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंपापुर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की राशि फर्जी हाजिरी के आधार पर निकासी का मामला सामने आया है. मामले के उजागर होते ही शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीचंद यादव पर आरोप है कि उन्होंने छात्रों की वास्तविक उपस्थिति से अधिक संख्या दर्शाकर मिड डे मील (MDM) की राशि की निकासी की. प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सर्किल मरांडी ने बताया कि जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं. इसके बाद जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति द्वारा संबंधित प्रधानाध्यापक का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है.
साथ ही प्रखंड स्तर से शिक्षक को शोकॉज नोटिस जारी कर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एमडीएम जैसी महत्वपूर्ण योजना बच्चों के पोषण और शिक्षा से जुड़ी है, ऐसे में इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी गंभीर मामला है.
इस कार्रवाई का स्थानीय ग्रामीणों ने भी स्वागत किया है और कहा है कि इस तरह के मामलों में सख्ती जरूरी है, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा हो सके. विभाग ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की शिकायतों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

