आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित अंबेडकर चौक के पास डीप बोरिंग के पानी से अवैध रूप से संचालित एक वाशिंग सेंटर का खुलासा हुआ है. मामले की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद रिंकी कुमारी ने नगर निगम के उड़नदस्ता दल को बुलाकर जांच करवाई. जांच के दौरान पाया गया कि उक्त वाशिंग सेंटर में लंबे समय से नगर निगम के डीप बोरिंग से पानी लेकर वाहन धुलाई का काम किया जा रहा था. इस पर पार्षद रिंकी कुमारी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि डीप बोरिंग का पानी आम लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए है, न कि किसी व्यावसायिक उपयोग के लिए.

वहीं वाशिंग सेंटर संचालक ने दावा किया कि यहां नगर निगम के कुछ अधिकारियों के वाहन भी धोए जाते हैं, लेकिन इस पर पार्षद ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में पेयजल का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाशिंग सेंटर का पाइप कनेक्शन काट दिया. इस दौरान स्थानीय लोगों की भी भीड़ मौके पर जुटी रही.
बताया जा रहा है कि पिछले दस वर्षो से यहां जनता के लिए किए गए डीप बोरिंग से वॉशिंग सेंटर का संचालन किया जा रहा था. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इसकी जानकारी पूर्व के पार्षद और नगर निगम को थी ? यदि हां तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई ! बहरहाल इस कार्रवाई के बाद सेंटर को तत्काल बंद तो करा दिया गया है मगर इस अवैध सेंटर ने कई सवाल खड़े कर दिया है. मौके पर कांग्रेस नेता राहुल यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे. नगर निगम की इस कार्रवाई को आम जनता के हित में उठाया गया सख्त कदम माना जा रहा है.

