जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में बिजली बिल बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है. विद्युत प्रमंडल ने 25 हजार से लेकर एक लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वाले 2124 उपभोक्ताओं के खिलाफ डिस्कनेक्शन अभियान तेज करने का फैसला लिया है. जामताड़ा और मिहिजाम विद्युत प्रमंडल के तहत जामताड़ा अर्बन, जामताड़ा रूरल, करमाटाड़, मिहिजाम, नाला और कुण्डहित क्षेत्रों में चिह्नित इन बकायेदारों पर कुल 25 करोड़ 78 लाख 40 हजार 262 रुपये का बकाया है. विभागीय समीक्षा के बाद लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन तय किया गया है.

कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करें, अन्यथा बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा. इसके लिए विशेष डिस्कनेक्शन टीम गठित की गई है, जिसमें एक पदाधिकारी के साथ पांच लाइनमैन शामिल हैं.
सरकारी विभाग भी बकायेदार
बकायेदारों की सूची में कई सरकारी विभाग भी शामिल हैं. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग पर 1.94 करोड़, नगर पंचायत कार्यालय पर 89.14 लाख, सदर अस्पताल पर 14.25 लाख, पुलिस लाइन पर 57.88 लाख और जिला परिवहन विभाग पर 17.23 लाख रुपये का बकाया है. इसके अलावा जनजातीय छात्रावास, कोविड अस्पताल, इंटर महिला कॉलेज, उत्कृष्ट विद्यालय और महिला थाना सहित कई संस्थानों पर भी लाखों रुपये बकाया हैं. आमतौर पर वित्तीय वर्ष के अंत तक इन बकायों का समायोजन हो जाता था, लेकिन इस बार विभाग सख्ती के मूड में है और डिस्कनेक्शन का खतरा बना हुआ है. अभिषेक आनंद ने बताया कि बकाया राशि पर प्रतिदिन करीब 1.5 प्रतिशत सरचार्ज भी जोड़ा जा रहा है. उन्होंने स्मार्ट मीटर को अनिवार्य बताते हुए कहा कि इसके लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है.

