जामताड़ा/ Manish Baranwal सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, जेबीसी प्लस टू विद्यालय में जिला स्तरीय पुस्तक मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रवि आनंद, परियोजना निदेशक जुगनू मिंज और जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.


कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के स्वागत गान और नृत्य से हुई. इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. पुस्तक मेला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जहां शैक्षणिक, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया. विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक पुस्तकों का अवलोकन किया और पठन- पाठन के प्रति रुचि दिखाई.
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला बच्चों में ज्ञान के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न करता है और उन्हें पढ़ने की ओर प्रेरित करता है. साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जिले के करीब 100 बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों से कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी और जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत भी होगी.
जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होती है और उनका बौद्धिक विकास होता है. उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को पुस्तकालय से जोड़ने और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति अपनाने की अपील की.
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत संथाली नृत्य प्रतियोगिता में पीएम श्री कस्तूरबा नारायणपुर की टीम ने प्रथम, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिंदापाथर ने द्वितीय और कस्तूरबा नाला की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता टीमों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जिले के कई पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

