जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में बालू माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें प्रशासन का भी डर नहीं रह गया है. ताजा मामला शहर के सुभाष चौक का है, जहां खनन विभाग की टीम के सामने ही माफियाओं ने जब्त ट्रैक्टरों को छुड़ाकर फरार हो गए.


मिली जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में सुभाष चौक पर जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान टीम ने अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया था. अधिकारी कागजातों की जांच कर ही रहे थे कि अचानक माफियाओं का एक समूह मौके पर पहुंचा और दबाव बनाते हुए दोनों ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ाकर ले भागा.
घटना के बाद माइनिंग इंस्पेक्टर द्वारा जामताड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस के अनुसार कांड संख्या 35/26 के तहत मानिक पंडित, जीतन मंडल और एक अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, अवैध खनन समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. हालांकि देर शाम तक सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे थे.
यह घटना साफ संकेत देती है कि इलाके में बालू माफियाओं का नेटवर्क कितना मजबूत और बेखौफ हो चुका है. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है और कानून व्यवस्था को कैसे कायम रखता है.

