जामताड़ा/ Manish Baranwal इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड में NH-419 पर “मौत का पुल” शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. उपायुक्त रवि आनंद के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को निर्माणाधीन पुलि का निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.


ग़ौरतलब है कि इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार- झारखंड में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. बुधुडीह के पास निर्माणाधीन पुलिया के बनते ही टूटने की सूचना पर उपायुक्त रवि आनंद, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
जांच के दौरान पुलिया निर्माण में कई खामियां पाई गईं, जिस पर उपायुक्त ने मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई. इसके बाद टीम ने सोनबाद और चेंगाईडीह में बन रहे अन्य पुल- पुलियों का भी निरीक्षण किया, वहां भी गड़बड़ी सामने आई. उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि शिकायतों के आधार पर जांच की गई है. प्रारंभिक जांच में अनियमितता स्पष्ट रूप से सामने आई है. विभाग को जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है, जिसके बाद संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि स्टेट हाईवे 419 धनबाद से जामताड़ा होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा तक जुड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है. लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब जांच में गड़बड़ी की पुष्टि ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है. फिलहाल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है. जांच रिपोर्ट के बाद बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है.

