सरायकेला/ Pramod Singh समाजसेवी सह जानेमाने अधिवक्ता जॉनी हाजरा ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और उद्योग मंत्री संजय यादव से मुलाकात कर स्वास्थ्य व्यवस्था और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया. मुलाकात के दौरान हाजरा ने सरायकेला में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की.


उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, जरूरी उपकरणों का अभाव और आपातकालीन सेवाओं की कमजोरी को दूर करना बेहद जरूरी है, ताकि आम लोगों को बेहतर इलाज मिल सके. इसपर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भरोसा दिलाया कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और सरायकेला को भी प्राथमिकता दी जाएगी.
वहीं उद्योग मंत्री संजय यादव से मुलाकात के दौरान जॉनी हाजरा ने झारखंड के युवाओं के रोजगार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में लगने वाले उद्योगों में सबसे पहली प्राथमिकता स्थानीय युवाओं को मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा, “झारखंड की धरती पर उद्योग लगते हैं, लेकिन अगर यहां के युवाओं को ही रोजगार नहीं मिलेगा, तो विकास अधूरा रहेगा.” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि स्थानीय युवाओं को अवसर नहीं मिलने पर बेरोजगारी और पलायन की समस्या और गंभीर हो सकती है. मुलाकात के बाद जॉनी हाजरा ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे.

