सरायकेला/ Pramod Singh टाटा- सरायकेला मार्ग पर कोलाबिरा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला. बाइक सवार की मौके पर मौत के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.


बताया जा रहा है कि दो ट्रकों के बीच ओवरटेक की होड़ में बाइक सवार को कुचल दिया गया था. हादसा इतना भीषण था कि शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों ट्रकों को रोकते हुए सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. करीब आधे घंटे तक चले हाई वोल्टेज हंगामे के बाद थाना प्रभारी विनय कुमार के सख्त रुख और समझाइश के बाद जाम हटाया गया. पुलिस ने ट्रक चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए और यातायात सामान्य हो सका.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
मृतक की पहचान रमण कुमार दास, निवासी बिरसानगर, जमशेदपुर के रूप में की जा रही है. बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बाईक संख्या JH05DE-3738 से सरायकेला की ओर से आ रहा था जबकि ट्रक संख्या JH02AZ-3519 और ट्रक संख्या JH05AC-9403 आपस में ओवरटेक करने के चक्कर में बाईक सावर को बुरी तरह से कुचल दिया और घसीट दिया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

