चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के जोजोगुटू गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक युवक स्कूल परिसर में घुसकर हंगामा करने लगा. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि शिक्षकों और छात्रों को मिलकर उसे काबू करना पड़ा.


जानकारी के अनुसार युवक की पहचान रमेश गुड़िया (20) के रूप में हुई है, जो इसी स्कूल का पूर्व छात्र रह चुका है. बताया जा रहा है कि वह अचानक स्कूल पहुंचा और प्रधानाध्यापक गुरेश दराय के साथ हाथापाई करने लगा. युवक ने न केवल शिक्षकों बल्कि छात्र- छात्राओं के साथ भी गाली- गलौज और अभद्र व्यवहार किया. इससे स्कूल में दहशत का माहौल बन गया और पढ़ाई बाधित हो गई. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद युवक को पकड़ लिया और उसे एक पेड़ से बांध दिया.
बताया जाता है कि वह पूरी तरह नशे में था. घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई. प्रधानाध्यापक गुरेश दराय ने बताया कि उक्त युवक पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है. वहीं शिक्षकों का कहना है कि रमेश कभी स्कूल का होनहार छात्र था, लेकिन नशे की लत ने उसके भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
देखिए video

