रांची: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने विधानसभा के शून्यकाल में कुकड़ू प्रखंड स्थित शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय की छात्राओं को साइकिल अनुदान योजना और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया.


विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि पुनर्वासित स्थल पर संचालित इस विद्यालय में पढ़ने वाली विस्थापित दलित और आदिवासी परिवारों की छात्राओं को पिछले पांच वर्षों से साइकिल अनुदान योजना और किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिल रहा है.
उन्होंने सरकार से मांग की कि शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय की छात्राओं को दोनों योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए और छात्राओं के लिए साइकिल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी न हो. इस संबंध में जानकारी झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने दी.

