कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र स्थित अमलगम स्टील कंपनी परिसर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कंपनी का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया. मिली जानकारी के अनुसार वाहन संख्या OD-09K-7126 आयरन ओर के अनलोडिंग प्वाइंट पर बैक किया जा रहा था. इसी दौरान पीछे खड़े कंपनी स्टाफ प्रभाकर कुमार सिंह को वाहन ने धक्का मार दिया.


धक्का लगते ही प्रभाकर कुमार सिंह जमीन पर गिर पड़े और ट्रक का चक्का उनके पैरों पर चढ़ गया, जिससे उनके दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए. घटना के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से उन्हें तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया. इस मामले में कंपनी के सिक्योरिटी ऑफिसर मक्खा उरांव ने कांड्रा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी में सेफ्टी मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है. बताया जाता है कि परिसर में प्रवेश करने वाले कई वाहनों में खलासी मौजूद नहीं रहते, कई चालक सेफ्टी शूज का इस्तेमाल नहीं करते और वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच भी नहीं होती. कर्मचारियों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण कंपनी परिसर में अक्सर छोटी- बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं. हालांकि प्रबंधन ने इन आरोपों से इंकार किया है. प्रबंधन का कहना है कि हादसा चूक की वजह से कभी भी हो सकती है. सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है. पीड़ित का ईलाज कराया जा रहा है साथ ही प्रबंधन स्तर से भी मामले की जांच कराई जा रही है. फिलहाल हमारी प्राथमिकता घायल का इलाज करना है.

