सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच आखिरकार तस्वीर साफ हो गई. उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले दो उम्मीदवारों में से एक के पर्चा वापस लेने के बाद अविनाश कवि निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए.


उपाध्यक्ष पद के लिए अविनाश कवि और उत्तम कुमार महंती ने नामांकन दाखिल किया था. मुकाबला रोचक होने की उम्मीद थी, लेकिन नामांकन वापसी के अंतिम समय में उत्तम कुमार महंती ने अपना पर्चा वापस ले लिया.
महंती के नामांकन वापस लेते ही अविनाश कवि का रास्ता साफ हो गया और उन्हें सरायकेला नगर पंचायत का उपाध्यक्ष निर्विरोध घोषित कर दिया गया. इस घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत की राजनीति में नया मोड़ आ गया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नामांकन वापसी के पीछे अंदरूनी रणनीति और सियासी समीकरण काम कर रहे हैं. निर्विरोध जीत के बाद अविनाश कवि के समर्थकों में उत्साह का माहौल है. अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वे नगर पंचायत के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं.

