सरायकेला/ Pramod Singh


आदित्यपुर नगर निगम में उप महापौर (डिप्टी मेयर) पद के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई. सुबह से ही पार्षदों की आवाजाही शुरू हो गई और निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ कराया गया. मतदान को लेकर पार्षदों में उत्साह देखा जा रहा है.
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला अंकुर सिंह और अर्चना सिंह के बीच माना जा रहा है. दोनों प्रत्याशियों ने पहले ही नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी मजबूत की थी और पिछले कुछ दिनों से पार्षदों का समर्थन जुटाने में जुटे थे.
नगर निगम के सभी पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग कर उप महापौर का चुनाव कर रहे हैं. मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद उप महापौर पद के विजेता की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. इस चुनाव पर शहरवासियों की भी नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि उप महापौर का पद नगर निगम के विकास कार्यों और प्रशासनिक फैसलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

