चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब डोबो रोड स्थित पुड़ीसिल्ली पंप हाउस के समीप एक अज्ञात शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.


मिली जानकारी के अनुसार पंप हाउस के पास नाले में एक शव पड़ा हुआ दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत कपाली ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया.
इस संबंध में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शव कई महीनों से नाले में पड़ा हुआ था. मृतक ने जैकेट पहन रखा है, लेकिन शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम पुलिया के पास करकड़ी नदी किनारे बोरे में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था. उस मामले में भी अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. लगातार दो दिनों में अलग- अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात शव मिलने की घटनाओं से इलाके में सनसनी और तरह- तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में शव की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

