जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के बागडेहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया. चरवाहों की सूचना पर मुडाबेड़िया आश्रम से कुछ सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक सुनसान कुएं से पुलिस ने एक व्यक्ति समेत दो नाबालिग बच्चों के शव बरामद किए हैं.


बागडेहरी थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया. शवों की स्थिति काफी खराब और सड़ी- गली बताई जा रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी.
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को व्यक्ति के शव के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है. आधार कार्ड में पता मुरगाथल, राजनगर, जिला बीरभूम, पश्चिम बंगाल अंकित बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है. घटना की सूचना पश्चिम बंगाल के राजनगर थाना पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि शवों की शिनाख्त कराई जा सके.
पुलिस के अनुसार तीनों शवों को शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

