सरायकेला: भारत की जनगणना- 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLD) कार्य के सफल संचालन को लेकर सरायकेला- खरसावां जिले में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. जिला सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंदर उरांव, कार्यपालक दंडाधिकारी सतेंद्र महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, राज्य स्तरीय जनगणना प्रशिक्षक गजेंद्र गुप्ता, उप निदेशक तथा जिला समन्वयक अर्जुन राम समेत जिले के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना आयोजन के उद्देश्य, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए सामान्य दिशा- निर्देश, जनगणना अधिनियम से जुड़े प्रावधान, प्रमुख अवधारणाएं एवं परिभाषाएं, मकानों की नंबरिंग की प्रक्रिया तथा नगरीय क्षेत्रों में मानचित्र तैयार करने की विधि की जानकारी दी जा रही है.
इसके साथ ही जनगणना मकान संख्या निर्धारण और अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई से संबंधित प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. प्रशिक्षण में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं तथा उनके समाधान के बारे में भी बताया गया. साथ ही डिजिटल एप्लिकेशन के माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई और प्रतिभागियों के प्रश्नों का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि इस बार भारत की जनगणना- 2027 को डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा, जिससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगी. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 से 15 मार्च 2026 तक जिला सभागार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें करीब 80 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं.
इस मौके पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्रशिक्षण में भाग ले रहे अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में कार्य के दौरान आम लोगों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ करें.

