सरायकेला: नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने साप्ताहिक हाट के कारण तीनों सड़कों पर लगने वाले भयानक सड़क जाम को खत्म करने के प्रयास में जनता और दुकानदारों के सहयोग की सराहना की है. उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में उठाए गए कदम को लोगों का व्यापक समर्थन मिला है.

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि इस पहल में आम जनता के साथ- साथ दुकानदारों का भी भरपूर सहयोग मिला है, लेकिन कुछ कुंठित विचारधारा के लोग इसका विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हारे हुए प्रत्याशी की स्थिति खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हो गई है.
उन्होंने कहा कि वार्ड 1 और वार्ड 8 की जनता ने उन्हें बहुमत देकर जीत दिलाई है, लेकिन कुछ लोग जनहित के मुद्दों को भी नजरअंदाज कर विरोध की राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास हंसाउडी, बिरसा चौक और संजय चौक को जाम मुक्त बनाने की दिशा में है.
अध्यक्ष ने कहा कि जीत के बाद सबसे पहला कदम शहर के प्रमुख चौक- चौराहों को जाम से मुक्त कराने के लिए उठाया गया है. खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों, दुकानदारों और वार्डवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल की गई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उपायुक्त को लिखित शिकायत कर इस पहल को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बावजूद जनता के सहयोग से तीनों सड़कों पर लगने वाला जाम करीब 80 प्रतिशत तक कम हो गया है.
अध्यक्ष ने कहा कि सरायकेला शहर का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्षों से उपेक्षित इस शहर के गौरव को बरकरार रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने जनता से अपील की कि जनहित में किए जा रहे कार्यों में अपना समर्थन बनाए रखें, ताकि भविष्य में शहर के विकास के लिए और भी ठोस फैसले लिए जा सकें.

