आदित्यपुर: थाना परिसर में रविवार को आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान आदित्यपुर नगर निगम के नव निर्वाचित मेयर संजय सरदार को गुलदस्ता एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. शांति समिति के सदस्य अधिवक्ता ओम प्रकाश, रविंद्र नाथ चौबे, देवांग चंद मुखी, जगदीश नारायण चौबे, पिंटू कुमार, सरयू पासवान, मनोज पासवान, महेश्वर महतो, भगवान सिंह सहित अन्य सदस्यों ने मेयर को सम्मानित कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर गम्हरिया के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की तथा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया. उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया. वही नवनिर्वाचित मेयर संजय सरदार ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए सबको साथ लेकर क्षेत्र का विकास करने का संकल्प दोहराया. उन्होंने क्षेत्र की जनता को होली की शुभकामनाएं देते हुए इसे आपसी सहयोग एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की.

