सरायकेला/ Pramod Singh नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में चुनावी शोर तेज हो गया है. राजनीतिक सरगर्मी के बीच नामांकन के अंतिम दिन निर्दलीय प्रत्याशी जलेश कवि ने भारी संख्या में समर्थकों के साथ निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया.

नामांकन से पूर्व जलेश कवि ने अपने आवास से एक बड़ा जुलूस निकाला.
गाजे-बाजे और गगनभेदी नारों के साथ समर्थकों का काफिला शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए नामांकन केंद्र पहुंचा. रास्ते भर समर्थकों में उत्साह देखने को मिला. नामांकन स्थल पर भी समर्थकों की भीड़ उमड़ी रही. नाचते-गाते समर्थकों ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए. पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल उत्सव जैसा नजर आया.
नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में जलेश कवि ने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल के भरोसे नहीं, बल्कि जनता के समर्थन के दम पर चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है. जलेश कवि ने विश्वास जताया कि इस बार जनता उन्हें सेवा का अवसर देगी.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष नियमानुसार नामांकन पत्र जमा किया गया. भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नामांकन स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात रहा.

