बक्सर: सात निश्चय योजना भाग-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है. अब बक्सर जिले में प्रत्येक सप्ताह दो दिन सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा.

इस संबंध में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शनिवार को जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई. जिला पदाधिकारी ने बताया कि जनता दरबार का आयोजन हर सोमवार और शुक्रवार को अपराहन 03 बजे से किया जाएगा.
जनता दरबार में राजस्व, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी.
वहीं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए यह एक अहम कदम है. इसके तहत सप्ताह में दो दिन सभी थानों में पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा.
जिला पदाधिकारी ने मीडिया के माध्यम से जिले के नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि और समय पर जनता दरबार में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं.

