जमशेदपुर: परसुडीह थाना अंतर्गत करनडीह मेन रोड स्थित कार हॉस्पिटल नामक गैरेज में शुक्रवार देर रात अज्ञात असामाजिक और आपराधिक तत्वों द्वारा आगजनी की गंभीर घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना में गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी तीन कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जबकि एक अन्य कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार हॉस्पिटल गैरेज वैद्यनाथ महतो और मंगल कुजूर की साझेदारी में संचालित है. घटना के समय गैरेज में ग्राहकों की कई गाड़ियां मरम्मत के लिए खड़ी थीं. आगजनी में डस्टर कार संख्या JH10 AB 4439, टाटा नैनो संख्या JH05 L 4648 और मारुति ऑल्टो संख्या OR02 BK 1670 पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई. वहीं पास में खड़ी मारुति 800 संख्या JH05 H 3419 का बंपर आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया.
बताया गया है कि मकर संक्रांति पर्व के कारण गैरेज के अधिकांश कर्मचारी छुट्टी पर थे. गैरेज के पार्टनर वैद्यनाथ महतो भी अपने घर गए हुए थे. रात के समय केवल एक स्टाफ मौजूद था, लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण वह अंदर कमरे में था, जिससे बाहर लगी आग की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी. गैरेज संचालकों ने आशंका जताई है कि यह घटना सुनियोजित है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आगजनी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. इस घटना से गैरेज संचालकों और वाहन मालिकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है.

