सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत दुगनी के समीप रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान हरारंग सिंह पातर (30) के रूप में हुई है. घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार हरारंग सिंह पातर ईचागढ़ प्रखंड का निवासी है. वह कांड्रा में अपनी बहन के घर रहकर सीनी उकरी मोड़ के समीप स्थित आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कार्यरत है. रविवार शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपनी बाइक संख्या JH 05 DP 2056 से कांड्रा लौट रहा था.
इसी दौरान दुगनी के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को पेट्रोलिंग वाहन से सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि युवक के हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है. फिलहाल पुलिस अज्ञात कार की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है.

