मधुपुर/ Md. Aslam अनुमंडल अंतर्गत बुढ़ैई थाना क्षेत्र के राजदाहा गांव में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चट्टानी पहाड़ी जंगल में एक पलाश के पेड़ से 16 वर्षीय लापता किशोरी का शव लटका हुआ बरामद किया गया. मृतका की पहचान कपुर मुनी सोरेन के रूप में हुई है, जो बीते 30 दिसंबर से लापता थी.

जानकारी के अनुसार कपुर मुनी सोरेन 30 दिसंबर को घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर पलाश के पेड़ से लटके शव पर पड़ी. शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
सूचना मिलते ही बुढ़ैई थाना प्रभारी रूपेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई.
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हो पाएगा. घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी.

