रांची: झारखण्ड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की प्रोन्नति और पदस्थापन से संबंधित एक अहम अधिसूचना जारी की है. इस आदेश में अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप-महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस अधीक्षक स्तर पर व्यापक बदलाव किए गए हैं.

अधिसूचना के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक, रांची के पद पर पदस्थापित मनोज कौशिक, भा.पु.से. (2001) को ADG कोटि के वेतनमान लेवल-15 में प्रोन्नति देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान विभाग, झारखण्ड, रांची ची के पद पर नियुक्त किया गया है. वे अगले आदेश तक पुलिस महानिरीक्षक, रांची का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे. यह प्रोन्नति 01 जनवरी 2026 अथवा पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी. पुलिस उप महानिरीक्षक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा, झारखण्ड के पद पर पदस्थापित अजय लिण्डा, भा.पु.से. (2008) को पुलिस महानिरीक्षक कोटि के वेतनमान लेवल-14 में प्रोन्नति देते हुए पुलिस महानिरीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग, झारखण्ड, रांची बनाया गया है. उनकी प्रोन्नति भी 01 जनवरी 2026 या योगदान तिथि से प्रभावी होगी.
पदस्थापन हेतु प्रतीक्षारत नौशाद आलम अंसारी, भा.पु.से. (2010) को पुलिस उप-महानिरीक्षक, विशेष शाखा, झारखण्ड, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है.
समादेष्टा, झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-07, हजारीबाग कौशल किशोर, भा.पु.से. (2012) को DIG कोटि के वेतनमान लेवल-13A में प्रोन्नति देते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक, पलामू के पद पर नियुक्त किया गया है.
झारखण्ड पुलिस अकादमी, हजारीबाग के उप-निदेशक अंजनी कुमार झा, भा.पु.से. (2012) को प्रोन्नति देते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक, हजारीबाग बनाया गया है.
पुलिस अधीक्षक, सिमडेगा मो. अर्शी, भा.पु.से. (2012) को प्रोन्नति के साथ पुलिस उप-महानिरीक्षक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा, झारखण्ड, रांची के पद पर भेजा गया है.
समादेष्टा, झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-06, जमशेदपुर आनंद प्रकाश, भा.पु.से. (2012) को DIG पद पर प्रोन्नति देते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक, बोकारो के पद पर पदस्थापित किया गया है. उन्हें आगामी स्लॉट में MCTP Phase-III प्रशिक्षण पूरा करना होगा. राज्यपाल के परिसहाय (पुलिस) के रूप में कार्यरत श्रीकांत सुरेश राव खोत्रे, भा.पु.से. (2015) को स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, सिमडेगा बनाया गया है. रेल पुलिस अधीक्षक, धनबाद कैलाश करमाली, भा.पु.से. (2017) को समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी, रांची के पद पर भेजा गया है.
अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर शिवम प्रकाश, भा.पु.से. (2022) को स्थानांतरित कर राज्यपाल के परिसहाय (पुलिस), लोक भवन, झारखण्ड, रांची नियुक्त किया गया है. प्रशिक्षणोपरांत पदस्थापन हेतु प्रतीक्षारत निखिल राय, भा.पु.से. (2023) और सुश्री श्रुति, भा.पु.से. (2023) को सहायक पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, झारखण्ड, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है.
नवनियुक्त IPS अधिकारी अविनाश कुमार को समादेष्टा, झा.स.पु.-07, हजारीबाग, दीपक कुमार को समादेष्टा, झा.स.पु.-05, देवघर, मजरूल होदा को उप-निदेशक, झारखण्ड पुलिस अकादमी, हजारीबाग, राजेश कुमार को समादेष्टा, झा.स.पु.-06, जमशेदपुर, श्री रोशन गुडिया को पुलिस अधीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग तथा श्रीराम शमद को पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, झारखण्ड, राँची के पद पर नियुक्त किया गया है.
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जिन पदाधिकारियों के स्थान पर नई पदस्थापन की गई है और जिनका नया पदस्थापन नहीं हुआ है, वे पुलिस मुख्यालय, झारखण्ड, रांची में योगदान देंगे.

