जामताड़ा/ Manish Baranwal सिविल एसडीओ अनंत कुमार ने मंगलवार को जामताड़ा स्थित पुराने कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ परिसर की वर्तमान स्थिति, सड़क यातायात व्यवस्था, दुकानों के संचालन और अधिवक्ता भवन की हालत का बारीकी से अवलोकन किया.

एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि वर्ष के अंतिम कार्य दिवस पर प्रशासन ने नए साल में नई सोच और सकारात्मक बदलाव के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया है. इसी क्रम में पुराने कोर्ट परिसर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और बेहतर बनाने की योजना पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है.
उन्होंने जानकारी दी कि नए अनुमंडल कार्यालय के सामने स्थित अधिवक्ता भवन का जीर्णोद्धार किया जाएगा, ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. इसके साथ ही लंबे समय से यहां व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को भी सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से स्थान उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है.
सड़क यातायात को सुचारू रखने के उद्देश्य से वाहनों की पार्किंग के लिए अलग स्थान चिन्हित किया जाएगा, जिससे आम लोगों और न्यायालय आने वाले पक्षकारों को सुविधा मिल सके.
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से गुजरने वाले लिंक रोड पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की. अधिवक्ताओं का कहना था कि कोर्ट समय के दौरान आम लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से परेशानी के साथ-साथ हादसे की आशंका बनी रहती है.
मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार महतो, सुरेश सिंह, संजय बर्मन, मुकेश सिंह, पप्पू सिंह, संजय तिवारी, मो. सुफियान सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे.

