चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड कार्यालय में बुधवार को टाटा स्टील फाउंडेशन की मानसी परियोजना के तहत एक दिवसीय जन आरोग्य समिति उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और जन आरोग्य समिति की भूमिका को प्रभावी बनाना था.

मानसी परियोजना के प्रखंड समन्वयक गणेश सोय ने उप स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ, एएनएम और विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं को समिति की कार्यप्रणाली तथा स्वास्थ्य सुधार से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि परियोजना का प्रमुख उद्देश्य क्षेत्र में मृत्यु दर को कम करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना तथा समुदाय को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों को क्षेत्रीय स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान, समाधान के लिए सामुदायिक पहल, तथा स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी प्रसार से संबंधित दिशानिर्देश दिए गए.
मौके पर मानसी मित्र राकेश मुंडारी, रीता देवगम, प्रमिला महतो, अनिता सोय, गीता बानरा, हीरा मोनी पाड़िया सहित मानसी परियोजना के अन्य सदस्य उपस्थित थे.

