जामताड़ा/मनीष बरणवाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय कांगोई के तीन सौ से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिदिन मौत के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं. विद्यालय की छत से सटकर गुजर रहा 11,000 वोल्ट का हाई टेंशन तार बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है. कई बार शिकायतों और पत्राचार के बावजूद प्रशासन की उदासीनता से विद्यालय में भय का माहौल व्याप्त है.

विद्यालय की छात्रा खुशी कुमारी ने बताया कि हाई टेंशन तार की वजह से उन्हें खेलने और पढ़ने के दौरान हमेशा हादसे का डर बना रहता है. वहीं कक्षा सात के छात्र राजकुमार यादव ने कहा कि तेज हवा या बरसात में तार टूटने की आशंका उन्हें हमेशा डराती रहती है.
प्रधानाध्यापिका नीली ब्लैक ने बताया कि वह 2016 से विद्यालय में पढ़ा रही हैं, और यह खतरनाक तार उस समय से विद्यालय की छत से सटा हुआ है. कई बार विभाग को सूचित करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई. अभिभावक कैलाश पंडित, अष्टमा देवी, जोबा राय और कृष्णा प्रसाद साव ने कहा कि 300–400 बच्चों की सुरक्षा दांव पर लगी है. आंधी-तूफान के समय मन में हमेशा भय बना रहता है कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए.
इस बाबत जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश प्रजापति ने बताया कि 6–7 महीने पूर्व निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं तार की स्थिति देखी थी और तत्काल बिजली विभाग को पत्राचार किया गया था। जिला परिषद और दिशा की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग ने आश्वासन तो दिया है, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी हादसे का इंतजार कर रहा है? उनका तर्क है कि जेवीसी प्लस टू विद्यालय के प्राचार्य सुशील मरांडी की सड़क हादसे में मौत के बाद ही प्रशासन सक्रिय हुआ था. इसी तरह, क्या यहां भी किसी अनहोनी के बाद ही कार्रवाई होगी?
विद्यालय के बच्चों और अभिभावकों की एक ही मांग है—“उपायुक्त शीघ्र पहल करें और उन्हें इस भयावह स्थिति से मुक्ति दिलाएं.”

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
