चांडिल/ Afroj Mallick कपाली इस्लामनगर स्थित हजरत सैयद मुझफ्फर हुसैन उर्फ मस्तान शाह बाबा रहमतुल्लाह अलेहे की दरगाह पर 26वां सालाना उर्स पाक की शुरुआत बड़े ही अकीदत और सम्मान के साथ की गई. उर्स का आगाज़ कुरानख्वानी और फातिहा से हुआ, जिसके बाद चादरपोशी का सिलसिला चलता रहा.

उर्स मुबारक तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें दूर-दराज़ इलाकों से बाबा के चाहने वाले और अकीदतमंद बड़ी संख्या में शरीक हो रहे हैं. बाबा के दरबार में हर तबके के लोग पहुंचकर अपनी मुरादें मांग रहे हैं और देश में अमन-चैन की दुआ कर रहे हैं.
मजार शरीफ और उसके आसपास के इलाकों को रंग-बिरंगी लाइट और फूलों से सजाया गया है. उर्स के मौके पर टिओपी चौक में नौजवानों द्वारा कव्वाली और लंगर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों लोगों ने शिरकत की.
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी उर्स में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ रही है. स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती मजार परिसर और मुख्य मार्गों पर की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
उर्स के इस मुबारक मौके पर समाज में अमन, भाईचारा और इंसानियत का संदेश दिया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने कहा कि हजरत मस्तान शाह बाबा की दरगाह पर आने से रूहानी सुकून मिलता है और लोगों की दुआएं कबूल होती हैं.

