सरायकेला: ईचागढ़ थाना पुलिस ने हाल ही में बैंक मित्र से हुई तीन लाख रुपये की लूटकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई ईचागढ़ थाना कांड संख्या 69/2025, दिनांक 29 सितंबर 2025, धारा 309(4)/311 बीएनएस के तहत की गई है.


इसकी जानकारी बुधवार को एक प्रेस वार्ता में एसडीपीओ चांडिल अरविंद बिन्हा ने दी. उन्होंने बताया कि मामले के वादी फालगुनी गोप, ग्राम आगशिया निवासी हैं और बैंक ऑफ इंडिया चौका शाखा के बैंक मित्र के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि 29 सितंबर की शाम वे बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर आगशिया लौट रहे थे, तभी ग्राम बासाहातु के पास तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को धक्का मारकर रोक लिया और उनके सहयोगी दुर्गा उरांव के सिर पर वार कर रुपये लूट लिए.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल कुमार, विश्वजीत तिवारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे.
तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छह अपराधियों अमित कुमार महतो, कमलेश महतो, ज्योतिलाल महतो उर्फ ज्योति, राजेश नामता, संजय दास और अभिराम कुम्हार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 11,900 रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोली, आठ मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कई का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. ज्योतिलाल महतो, राजेश नामता और संजय दास पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
इस छापामारी दल में थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय के साथ पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल कुमार, विश्वजीत तिवारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. एसडीपीओ ने कहा कि शेष लूटी गई राशि की बरामदगी और अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
