चांडिल/ Afroz Mallik रविवार को छुट्टी के दिन भीड़भाड़ को देखते हुए कपाली ओपी पुलिस ने डोबो पुल और डैम साइड इलाके में विशेष अभियान चलाया. पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि इन क्षेत्रों में नवयुवकों का जमावड़ा होता है, जहां नशाखोरी, मोटरसाइकिल खड़ा कर रील बनाने और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियां की जाती हैं.

इसी को लेकर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई की. इस दौरान कई युवकों की जांच की गई और संदिग्ध पाई गई दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से चलाए जाते हैं.
ओपी प्रभारी ने बताया कि रविवार को डोबो पुल और डैम साइड इलाके में विशेष निगरानी रखी जाती है ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अवांछित गतिविधि न हो सके. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

